भाजपा विधायक बिशन सिंह चुफाल लंबे समय से नौकरशाही से नाराज चल रहे थे। इसे लेकर वह बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिले। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के मौजूदा सियासी हालात पर चर्चा करने के साथ ही सीमांत में संचार, सड़क व हवाई सेवाओं को विकसित करने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने इस विषय को प्रदेश के जिम्मेदार नेताओं के सामने भी बेबाकी से उठाया था। इसके बाद उनकी कई विधायकों व नेताओं से चर्चा होने कयास लगते रहे। एक सितंबर को वह दिल्ली के लिए रवाना हुए थे।
बुधवार को दिल्ली में उनकी मुलाकात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से हुई। मुलाकात की पुष्टि करते हुए चुफाल ने बताया कि मैंने उन्हें अपने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया है और कहा कि डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में नेपाल सीमा से लगे इलाकों में नेटवर्क से संबंधित समस्या, नैनी सैनी हवाई अड्डे से हवाई सेवा सुचारू करवाने आदि मांगों को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष से बात की।
नौकरशाही से नाराजगी वाली बात पर उनका कहना था कि यह मामला प्रदेश स्तर का है। मैंने प्रदेश नेतृत्व को अवगत करा दिया है, इस पर उन्हीं को निर्णय लेना है।