देहरादून: सर्कुलर रोड स्थित आप के कार्यालय पर प्रदेश प्रवक्ता रविंद्र आनंद ने प्रेस वार्ता कर कहा कि सरकार की भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति फ्लॉप साबित हुई है। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी (आप) ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से उनके द्वारा प्रदेश की जनता से किए गए वादों पर खरे नहीं उतरने पर नैतिकता के आधार पर इस्तीफा मांगा है। उनका ये भी कहना है कि स्वास्थ्य विभाग मुख्यमंत्री के पास है, लेकिन स्वास्थ्य की स्थिति दिन प्रतिदिन बदतर होती जा रही है।
प्रेस वार्ता के दौरान रविंद्र आनंद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात किया है। जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की बजाय मुख्यमंत्री खुद भ्रष्टाचारियों के खेवनहार बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भाजपा के विधायक दिल्ली जाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात कर मुख्यमंत्री रावत के नेतृत्व में चुनाव लड़ने से इनकार कर रहे हैं। उन्होंने उनके कामकाज पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि उत्तराखंड में स्वास्थ्य विभाग मुख्यमंत्री के पास है, लेकिन स्वास्थ्य की स्थिति दिन प्रतिदिन बदतर होती जा रही है।