अयोध्या में बुधवार को भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर होने वाले भूमि पूजन कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति, धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज को भी निमंत्रण मिला है। आयोजन में शामिल होने का उन्हें ये निमंत्रण मंगलवार को ही बतौर संत मिला है। उत्तराखंड से वे अकेले ऐसे राजनीतिक व्यक्ति हैं, जिन्हें आयोजन में शामिल होने के लिए बुलाया गया है।
महाराज समर्थकों ने इस निमंत्रण को उत्तराखंड के लिए बड़े गौरव का क्षण बताया। महाराज के कैंप कार्यालय से बकायादा सूचना जारी कर इसकी जानकारी दी गई कि महाराज अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण को होने वाले भूमि पूजन में एक राष्ट्र संत के रूप में प्रतिभाग करेंगे। भूमि पूजन समारोह में देश के प्रमुख संत-महात्माओं को निमंत्रण दिया गया है।
हरिद्वार के प्रमुख संतों के अलावा विश्व हिंदु परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष रविदेव आनंद को ही निमंत्रण है। सतपाल महाराज ने बताया कि उत्तराखंड की जनता और पर्यटन विभाग की ओर से गंगा और यमुना जल से भरे कलश पहले ही अयोध्या पहुंचा दिए गए हैं।
ताकि इस पवित्र जल से भगवान श्री राम का अभिषेक हो सके। महाराज ने कहा है कि प्रभु श्रीराम हमारे सैनिकों और कोरोनावरियर्स को सशक्त बनाएं। ताकि ताकि वह आंतरिक और बाहरी रूप से देश की रक्षा कर सकें।
शुभ मुहूर्त में हो रहा शिलान्यास
सतपाल महाराज ने कहा कि जिस मुहूर्त में भूमि पूजन के समय का निर्धारण किया गया है वह अभिजीत मुहूर्त है। भगवान श्रीराम का जन्म भी अभिजीत मुहूर्त में ही हुआ था। इसलिए यह समय शुभ फलदायक और सर्वार्थ सिद्धि योग का समय है। मान्यता है कि इस मुहूर्त में किए जाने वाले सभी शुभ कार्य सफल होते हैं। महाराज ने कहा कि वह प्रार्थना करते हैं कि हमारा देश विश्व गुरु बने और अनंतकाल के लिए हमारे देश की गौरव गाथा गाई जाती रहे।