सुभाष नगर स्थित विद्युत उपकेंद्र में रविवार को प्री मेंटेनेंस का काम होने से साढ़े छह घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। साथ ही 33 केवी का पोटेंशियल ट्रांसफार्मर फुंकने से बिजली कर्मियों को दोगुनी मशक्कत करनी पड़ी। इसके चलते सुभाष नगर, तिकोनिया समेत अन्य जगहों की तकरीबन 10 हजार की आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
दरअसल, सुभाष नगर उपकेंद्र में प्री मेंटिनेंस वर्क के लिए रविवार को शटडाउन घोषित किया गया था। सुबह 10 बजे संबंधित उपकेंद्र से आपूर्ति रोक दी गई थी। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब डेढ़ बजे उपकेंद्र का पोटेंशियल ट्रांसफॉर्मर धमाके के साथ फुंक गया। इसे बदलने में बिजली विभाग के कर्मचारियों को 1 घंटे का अतिरिक्त समय लगा। इस वजह से शाम करीब 4:30 बजे उपकेंद्र से सप्लाई शुरू हो पाई। अधिशासी अभियंता डीएस बिष्ट ने बताया कि पूर्व घोषित शटडाउन 10 से दोपहर साढ़े तीन बजे तक था, लेकिन पीटी में दिक्कत आने से एक घंटे का अतिरिक्त समय लगा।