टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने सोशल मीडिया पर अपने इंटरनेशनल करियर से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। महेंद्र सिंह धोनी ने इंस्टाग्राम में पोस्ट कर खुद के संन्यास लेने का ऐलान किया है। अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में एमएस धोनी ने लिखा है, “आप सभी के प्यार और समर्थन के लिए बहुत धन्यवाद। आज शाम 7.29 बजे के बाद से मुझे रिटायर समझा जाए।” अपने इस पोस्ट के साथ ही धोनी ने एक वीडियो भी शेयर किया है।
4 मिनट 7 सेकेंड के वीडियो में महेंद्र सिंह धोनी ने अपने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की कई सारी तस्वीरें शेयर की हैं। इसके साथ ही उन्होंने अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘कभी-कभी’ का मशहूर गीत भी लगाया है, जिसके बोल हैं, ‘मैं पल दो पल का शायर हूँ, पल दो पल मेरी कहानी है, पल दो पल मेरी हस्ती है, पल दो पल मेरी जवानी है।’
15 अगस्त का दिन भारतीय क्रिकेट फैन्स के लिए दो बुरी खबरें लेकर आया है। पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी के रिटायरमेंट की घोषणा के ठीक बाद सुरेश रैना ने भी संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। रैना ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है।
अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में सुरेश रैना ने धोनी के साथ अपनी एक तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा, ‘आपके साथ खेलना एक बहुत खूबसूरत अनुभव था माही। मैं गर्व के साथ आपके इस सफर में साथी बनने जा रहा हूं। शुक्रिया इंडिया। जय हिंद!’